बहन के घर से पत्नी संग लौट रहे एक युवक की हत्या कर उसके शव को बाग में फेंक दिया गया। भाई ने मृतक की पत्नी पर हत्या में शामिल होने का शक जताते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मृतक के भाई ने उसी की पत्नी को शक के आधार पर हत्या में नामजद किया है। साथ ही कई अज्ञात लोगों को भी एफआईआर में शामिल किया गया है। मछरेहटा के देवपारा गांव निवासी संदीप (26) पुत्र महावीर अपनी पत्नी पिंकी के साथ बहन के यहां रौनामऊ गांव गया था।
गुरुवार को वह घर लौट रहा था। जिसके बाद वह थाना क्षेत्र के केसरा के पास से अचानक लापता हो गया। उसकी पत्नी घर पहुंची और परिवारवालों को बताया कि एक व्यक्ति संदीप को लेकर थाने गया है। देर रात तक संदीप के न लौटने पर परिवारीजन सुबह थाने के लिए निकले थे।
इसी बीच मछरेहटा में केसरा के पास बाग में संदीप की लाश पड़ी देख कल्लू ने पुलिस को सूचना दे दी। उधर, खबर पाकर युवक के परिवारीजन भी घटनास्थल पहुंच गए। बताते हैं कि युवक के गले में गमछा कसा हुआ था, जिससे माना जा रहा है कि संदीप की गला कस कर हत्या कर दी गई।
सूचना मिलने पर एसओ सियाराम वर्मा भी मौके पर पहुंचे। मामले में मृतक के परिवारीजनों को उसी की पत्नी पर हत्या कराने का शक है। भाई रामहेत का आरोप है कि संदीप की पत्नी पिंकी ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या कराई है।
रामहेत ने संदीप की पत्नी पिंकी को शक के आधार पर नामजद करते हुए कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ सियाराम वर्मा का कहना है कि परिवार वालों को पिंकी पर ही शक है। जिसकी वजह से पिंकी को शक के आधार पर परिवारवालों ने नामजद करते हुए कुछ अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। मामले का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।