मछरेहटा थाना क्षेत्र में भारासैनी पुलिया के पास मंगलवार देर शाम बाइक सवार दो युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया है।
बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। मिश्रिख कोतवाली इलाके के कोचपुर गांव निवासी बबलू (18) पुत्र भैय्यालाल अपने साथी मछरेहटा के भट्ठापुरवा निवासी यद्दा (21) पुत्र रामरतन के साथ बाइक से मंगलवार देर शाम रिश्तेदारी में मछरेहटा के सूरजपुर जा रहा था।
इस दौरान जब ये मछरेहटा क्षेत्र के भारासैनी के पास पहुंचे, तभी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में टकरा गए। इस हादसे में बबलू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर पर सवार लोग निकल भागे।
घटना के बाद लोगों ने जख्मी यद्दा को जिला अस्पताल पहुंचाया। खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।