मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात बाइक सवार को एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। टक्कर मारने वाले वाहन चालक का पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के वक्त हेलमेट नहीं लगाए था।
संदना थाना क्षेत्र के सरोसा निवासी छुन्नर (35) किसी काम से अपनी रिश्तेदारी में मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदीपुर गया था। यहां पर रिश्तेदारों से मिलने के बाद वह बुधवार देर रात मोटर साइकिल से घर के लिए चल दिया।
रास्ते में मिश्रिख-पिसावां मार्ग पर ग्राम दरोगा पुरवा के निकट कार ने मोटर साइकिल में टक्कर मार दी। इससे छुन्नर गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने वाला वाहन चालक गाड़ी समेत मौैके से भाग गया। लोग उसे लेकर मिश्रिख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए भागे। रास्ते में घायल ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।