खेत में काम कर रहे एक ग्रामीण पर कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 10 राउंड गोलियां चली। इसमें एक गोली ग्रामीण को लग गई। परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामला चुनावी रंजिश का है।
कोतवाली इलाके के नेवादा प्रेमसिंह गांव निवासी रमेश (45) पुत्र मोहन ने बताया कि सोमवार की शाम वह खेत में काम कर रहा था। इसी बीच करीब छह लोगों ने चुनावी रंजिश के कारण उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसके हाथ में गोली लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
उसे जिला अस्पताल लाया गया है। उसने बताया कि गांव निवासी मयाराम, शिवाकांत, बलराम, ब्रम्हा, उल्जापुर निवासी भूरे सिंह, ढीह निवासी इंद्रपाल आदि ने करीब दस राउंड फायर किया है। आरोप है कि उसने मौजूदा प्रधान की चुनाव में मदद की थी और हमला करने वाले लोग पूर्व प्रधान के पक्ष के हैं।