महोली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सोमवार देर शाम रुपयों के लेनदेन के
विवाद में दबंगों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इसमें गोली लगने से एक युवक घायल
हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
लखीमपुर खीरी के बेहरा गांव निवासी मुजाहिद उर्फ इब्राहिम लंबे समय से महोली के ग्राम मस्जिद में रह रहा है। उसका पुत्र उस्मान (32) पशुुओं का व्यापार करता है। सोमवार दोपहर इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गद्दीपुर निवासी यासीन से उस्मान का रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद सोमवार शाम यासीन अपने कई साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर बाइकों से मस्जिद गांव पहुंचा।
इससे पहले कि मुजाहिद व उसके परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते। यासीन व उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इससे पैर में गोली लगने से उस्मान घायल हो गया। फायरिंग से गांव में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों के जुटने पर हमलावर भाग गए। ग्रामीणों की माने तो हमलावरों ने आठ-दस राउंड फायरिंग की है।
उधर घटना के संबंध में उस्मान के परिवारीजन ने इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गद्दीपुर निवासी यासीन आदि के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक रंग बहादुर यादव ने बताया कि घायल उस्मान को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।