सीतापुर शहर कोतवाली इलाके के मंसूरपुर गांव में सोमवार देर रात चुनावी रंजिश में एक युवक को गोली मार दी गई। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मंसूरपुर गांव निवासी विजय पाल सोमवार रात गांव में ही चल रहे एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वहां पड़ोस के सादीपुर गांव निवासी अवधेश भी अपने एक अन्य साथी के साथ गया था। विजय पाल व अवधेश के बीच पहले से ही प्रधानी चुनाव की रंजिश चल रही थी
इसी रंजिश को लेकर दोनों में सोमवार रात कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर विजय पाल को गोली मार दी गई जिससे वह जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस गोली लगने की बात से इन्कार कर रही है। मामले को लेकर विजय पाल की ओर से अवधेश व उसके एक अन्य साथी के खिलाफ तहरीर दी गई है।
सीओ सिटी राहुल मिठास का कहना है कि मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। युवक के गोली लगने की बात की जांच चल रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।