थानगांव क्षेत्र में शुक्रवार शाम ट्रिपलिंग कर रहे बाइक सवार सड़क पर पड़ी मेंथा ऑयल की टंकी से टकरा गए। इससे बाइक पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बहराइच जिले के हरदी थाना क्षेत्र के चौहान पुरवा निवासी अमृत लाल (22), अपने बहनोई बसावन निवासी रामू (30) व रिश्तेदार थानगांव के गोड़ियन पुरवा निवासी सहजराम के पुत्र कुन्नू (12) के साथ बाइक से बहराइच से गोड़ियनपुरवा जा रहा था।
मारूबेहड़ कटैला पुरवा मार्ग पर कटैला के निकट सड़क पर मेंथा ऑयल की टंकी पड़ी थी। बताते हैं कि तेज रफ्तार बाइक टंकी से टकरा गई। इससे बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय नागरिकों ने 108 नंबर की एंबुलेंस से तीनों घायलों को कस्बा रेउसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा लेकिन अमृतलाल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अमृत लाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामू की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।