संदना थाना क्षेत्र के ग्राम लौहंगपुर निवासी भगीरथ की पत्नी संगीता देवी (28) ने रविवार की शाम खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। इस दौरान परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे, जबकि पति घर के बाहर खड़ा था।
घर के अंदर से चीख आते ही वह शोर मचाता हुआ अंदर पहुंचा और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगा। इसी बीच अन्य ग्रामीण भी वहां पर पहुंच गए, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। तब तक महिला बुरी तरह से झुलस चुकी थी।
परिवार के सदस्यों ने आनन फानन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर संगीता देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। डाक्टरों का कहना है कि आग से संगीता का शरीर करीब 100 प्रतिशत तक झुलस गया था, जिसकी वजह से उसे बचाया नहीं जा सका।
उधर परिवार के सदस्यों ने बताया कि महिला काफी समय से बीमार चल रही थी। उसका इलाज भी कराया जा रहा था। उसके सिर में असहनीय दर्द हुआ करता था। इस बीमारी से तंग आकर महिला ने आत्महत्या की है।