थानगांव क्षेत्र में बुधवार सुबह बहराइच मार्ग पर पिकअप ने दो बाइक पर सवार छह लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सभी लोग जख्मी हो गए। आननफानन घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी रेउसा भेजा गया।
यहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन एक महिला ने रास्ते में मौत हो गई। सूचना पुलिस को दे दी गई है। ग्रामीणों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
थानगांव के ग्राम नसीरपुर सरकार निवासी लतीफ व लालपुर निवासी अनिल अपनी बाइकों से किसी काम से रेउसा आए थे। काम निपटाने के बाद ये लोग घर लौट रहे थे। तभी बहराइच मार्ग पर नई बस्ती के पास तेज रफ्तार पिकअप ने दोनों बाइकों में पीछे से टक्कर मार दी।
जिसमें नसीरपुर सरकार निवासी कुलसुमा (55) पत्नी कादिर, नजरून (40) पत्नी रफीक, लतीफ (22) पुत्र रफीक घायल हो गए। जबकि क्षेत्र के लालपुर निवासी अनिल (25), ज्ञानवती (17) व रीमा (35) पत्नी सुशील जख्मी हो गईं।
इन छह लोगों को रेउसा सीएचसी भेजा गया, जहां गंभीर हालत में चिकित्सकों ने कुलसुमा, अनिल, ज्ञानवती व लतीफ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय कुलसुमा की रास्ते में मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।