लहरपुर कस्बे के मोहल्ला ठठेरी टोला में मंगलवार देर शाम घर के पास से गुजर रही एक महिला को सांड़ ने पटककर मार डाला। घटना से कस्बे में दहशत है। सूचना पर नगर पालिका कर्मचारी सांड़ की तलाश में जुटे हैं।
ठठेरी टोला निवासी किशोरी (50) पत्नी नंदन मंगलवार देर शाम घर के पास से ही गुजर रहीं थीं। इसी दौरान उस पर एक सांड़ ने हमला कर दिया। महिला सांड़ से बचकर भागी लेकिन सांड़ ने उसे दौड़ा लिया। इसके बाद सींग में फंसाकर उसे कई बार पटक दिया।
जानकारी लगते ही मोहल्ले के लोग व परिवारीजन मौके पर पहुंचे और शव उठा ले गए। महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। जानकारी मिलने पर नगर पालिका कर्मचारी सांड़ को पकड़ने की कोशिश में लगे हैं।