सीतापुर। आपसी विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी को बांके से काट डाला। इसके बाद नदी किनारे लगे एक पेड़ से लटककर जान दे दी। वारदात सोहरिया गांव की है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सोहरिया गांव निवासी जगजीवन (30) व उसकी पत्नी मर्री देवी (28) में काफी समय से झगड़ा चल रहा था। दोनों की करीब आठ साल पहले ही शादी हुई थी। पत्नी ग्राम पंचायत सदस्य थी। मंगलवार को भी किसी बात को लेकर दोनों आपस में उलझ गए। गुस्से से तिलमिलाए जगजीवन ने पत्नी को घर में रखे बांके से काट डाला। इसके बाद वह घर से भाग निकला।
उधर, हत्या की खबर मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। कुछ देर बाद खबर मिली कि जगजीवन की लाश गांव के बाहर चौका नदी के किनारे पेड़ से लटक रही है। जिसके बाद गांव के लोग चौका नदी की तरफ दौड़ पड़े। सूचना के आधार पर पुलिस भी पहुंच गई। दोनों शवों को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना को लेकर मृतक के भाई मंशाराम ने बताया कि उसके भाई व भाभी में अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के चलते उसके भाई जगजीवन ने पहले अपनी पत्नी की बांके से काट कर हत्या कर दी, फिर खुद नदी किनारे जाकर पेड़ से लटककर फांसी लगा ली। एसओ आलोक राव का कहना है कि घटना को लेकर मृतक के भाई ने सूचना दी है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।