खैराबाद। थाना इलाके में प्रधानमंत्री आवास के निर्माण के दौरान बुधवार को एक पक्की दीवार भरभराकर गिर गई। इस हादसे में मलबे के नीचे दबकर तीन लोग जख्मी हो गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकलने में जुट गए।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि चिकित्सकों ने दो घायलों की नाजुक हालत देख उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। खैराबाद थाना क्षेत्र के कंजा मजरा अहमदपुर निवासी महावीर को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। उसके आवास का निर्माण कार्य चल रहा है।
इसमें उसका भतीजा सुधाकर (20) पुत्र ब्रम्हा और परिवार के ही दीपू व राहुल काम कर रहे थे। बुधवार की सुबह करीब 11 बजे अचानक पक्की दीवार भरभराकर गिर गई। इसके मलबे में तीनों दब गए। आननफानन में मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकालते हुए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सुधाकर को मृत घोषित कर दिया।
जबकि दीपू व राहुल को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, सदर तहसील की उप जिलाधिकारी पूर्णिमा सिंह ने बताया कि मृतक के परिवारीजनों को किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।