दो सरकारी स्कूलों से बच्चों को पढ़ाकर लौट रहीं शिक्षिकाओं से भरी वैन निजामपुर मोड़ के पास गुरुवार दोपहर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच शिक्षिकाएं व चालक समेत छह लोग जख्मी हो गए। घायलों को इमलिया सुल्तानपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि दो शिक्षिकाओं को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
इमलिया सुल्तानपुर इलाके के कोरैया उदयपुर के सरकारी स्कूल की शिक्षिका अंकिता अवस्थी (35), कल्पना देवी (28), शालिनी (28) व देवई गांव के सरकारी स्कूल में तैनात शिक्षिका अंजना सचान (30) व मनीषा गुप्ता (36) वैन से घर लौट रहीं थीं। तभी सीतापुर-गोला मार्ग पर निजामपुर के पास एक कार ने वैन में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वैन पानी भरे गहरे खड्ड में जा गिरी।
हादसे में वैन पर सवार सभी शिक्षिकाएं व चालक हारुन समेत छह लोग जख्मी हो गए। घायलों को फौरन सीएचसी इमलिया सुल्तानपुर ले जाया गया। यहां से चिकित्सक ने अंकिता व कल्पना को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। वहीं हादसे के बाद दूसरी कार में सवार लोग भाग निकले।