महोली कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक वैन बस से टकरा गई। हादसे में वैन सवार दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आननफानन घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, हादसे से नाराज ग्रामीणों ने बस में जमकर तोड़फोड़ कर दी। उग्र भीड़ देख चालक व परिचालक ने किसी तरह भागकर जान बचाई। बाद में मुसाफिर दूसरे वाहन से गंतव्य स्थल को रवाना हुए।
लखीमपुर खीरी जिले के मैगलगंज, मोहल्ला रामनगर निवासी इस्लामुद्दीन (29) किसी काम से महोली के ग्राम नेरी आया था। यहां वैन में सवार होकर वह पिसावां जा रहा था। इसी बीच नेरी पिसावां मार्ग पर महोली क्षेत्र के बद्दापुर के निकट वैन के आगे चल रही प्राइवेट बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया।
इससे बस के पीछे चल रही वैन का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वैन आगे चल रही बस से टकरा गई। इससे वैन में सवार इस्लामुद्दीन समेत महोली के बद्दापुर निवासी अतुल सिंह (26) गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे को देखते ही निकट गांव के बाशिंदे मौके पर पहुंचे और बस में तोड़फोड़ करने लगे। भीड़ को उग्र देखते ही चालक व परिचालक बस को मौके पर छोड़कर निकल भागे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने वैन में मौजूद घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
यहां पर डॉक्टरों ने इस्लामुद्दीन की हालत चिंताजनक बताई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।