सिधौली कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे दो राहगीरों को रौंद दिया। इसके बाद ट्रक ने आगे चल रही एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। घायलों में लखनऊ व बरेली के लोग शामिल हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
रामपुर कलां के ग्राम रमपुरवा निवासी बृजलाल (28) शुक्रवार को किसी काम से सिधौली आया था। यहां पर देर रात वह मुकीमपुर चौराहे के निकट सड़क पार कर रहा था। उसके साथ अन्य युवक (30) भी सड़क पार कर रहा था। इसी बीच हाईवे पर जा रहे ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। इसके बाद बेकाबू ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी।
हादसे में बृजलाल समेत अज्ञात युवक (30), कार में सवार लखनऊ के जापलिंग रोड निवासी शराफत उल्ला खां (42), बरेली के फरीदपुर निवासी आजम खां की पत्नी रूही (32), बेटा अरहम (3) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिधौली सीएचसी में भर्ती कराया गया है। यहां से डॉक्टरों ने अज्ञात युवक व एक अन्य घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक अमोद रंजन चौधरी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।
बताते हैं कि बरेली के फरीदपुर निवासी आजम खां की पत्नी रूही अपने पुत्र अरहम व लखनऊ के जापलिंग रोड निवासी शराफत उल्ला कार से बरेली से लखनऊ जा रहे थे। सीतापुर पहुंचने पर कार के इंजन में खराबी आ गई। रात का वक्त था, इसलिए एक अन्य वाहन में कार को टोचन कर वे तीनों लखनऊ के लिए चल दिए। रास्ते में सिधौली में यह हादसा हो गया।