रेउसा थाना क्षेत्र में नाले में डूबने से एक अधेड़ की मौत हो गई है। वह अपने खेत की तरफ गया था, उसी दौरान नाले मेें गिर गया। दूसरी तरफ महमूदाबाद क्षेत्र में तालाब में गिरने से एक बालक की मौत हो गई।
रेउसा के गुरगुचपुर निवासी निजामुद्दीन (55) मंगलवार को फसल देखने गया था। बारिश में इन दिनों गांव के बाहर स्थित नाला पानी से लबालब है।
नाले के करीब से निकलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गया। डूबकर उसकी मौत हो गई। दोपहर को खेतों की तरफ निकले अन्य ग्रामीणों ने उसका शव नाले में उतराता देखा।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के सरावगी टोला निवासी सुरेश जैन का मूकबधिर पुत्र आयुष जैन (7) सोमवार शाम घर से खेलने निकला था। उसके बाद वह लापता हो गया।
देर रात तक घर न पहुंचने पर परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। मंगलवार दोपहर कुछ नागरिकों ने सिधौली मार्ग स्थित छपरतल्ला तालाब में बालक का उतराता देखा। बालक के परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उसका अंतिम संस्कार कर दिया।