डकैतों ने बिसवां के शेखनापुर में लोगों को बंधक बनाकर दो घरों में डाका डाल दिया। डकैतों ने जेवर, नकदी सहित हजारों का माल लूट लिया। इसके अलावा डकैतों ने क्षेत्र के ही दो अन्य गांवों में डकैती का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। हालांकि पुलिस ने मामले को चोरी की धाराओं में दर्ज किया।
बिसवां के शेखनापुरवा निवासी विनोद ने बताया कि रात को वह अपने बहनोई राजेंद्र व साले सोनू के साथ घर के बाहर सो रहा था। इसी बीच असलहे से लैस छह बदमाश आ धमके। उसका कहना है कि डकैतों ने साले व बहनोई को जगा कर बंदूक की दम पर बंधक बना लिया।
बंधक बनाने के बाद उसी से घर का दरवाजा खुलवा लिया। घर का दरवाजा खोलवाने के बाद डकैतों ने घर के अन्य सदस्यों को भी बंधक बना लिया। बंधक बनाने के बाद डकैतों ने घर से 20 हजार की नकदी, कई महिलाओं के जेवर आदि लगभग एक लाख का माल लूट लिया।
इसके बाद पड़ोस में उसके चाचा ओम प्रकाश के घर को निशाना बनाया। उसके चाचा के परिवार के लोगों को भी इसी तरह बंधक बना कर हजारों का माल लूट लिया। इसके बाद डकैत महिमापुर गांव के शिवलाल के घर में घुस गए और हजारों का माल लूट लिया। इसके बाद मोजीपुर के रामनाथ के यहां पहुंचे। उससे रास्ता पूछ कर डकैत निकल गए।
सुबह पूरे मामले से पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस डकैती की इस घटना को चोरी बता रही है। इंस्पेक्टर हरमीत सिंह ने बताया कि चोरों का गिरोह था। वह चोरी करने गया था। कुछ माल पार कर पाए थे तब तक लोग जाग गए थे। लोगों के जागने पर वह भाग निकले। इसी तरह कई जगह चोरी का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए।