कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हुए तीन सड़क हादसों में एक मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी जख्मी हो गई। उसे सीएचसी मिश्रिख से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मरने वाले में एक की पहचान नहीं हो पाई है।
मिश्रिख में सिधौली मार्ग पर कल्ली चौराहे के पास रविवार सुबह एक अज्ञात वाहन ने जमुनापुर निवासी कलेक्टर की दो बेटियां सोहाना (8) व प्रीती (17) उत्तरधौना गांव के करीब गुजर रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी।
हादसे में सोहाना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन प्रीती जख्मी हो गई। उसे सीएचसी मिश्रिख ले जाया गया जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, मिश्रिख-कुतुबनगर मार्ग पर मंडी के करीब एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे बाइक सवार मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के उलुवापुर गांव निवासी मनीष गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत भाग निकला।
इसके अलावा मिश्रिख के ही कुतुबनगर मार्ग पर बौधनी गांव के पास पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। युवक के पास से बरामद ड्राइविंग लाइसेंस पर हरदोई के बेनीगंज निवासी सर्वेश पुत्र चिरंजीव लिखा हुआ था।
पहचान के लिए पुलिस ने बेनीगंज थाने से संपर्क किया है। समाचार लिखे जाने तक पुष्टि नहीं हो सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।