खैराबाद में नेशनल हाईवे पर मंगलवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक का पहिया बदल रहे ट्रक व खलासी समेत चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन की मौत हो गई। जबकि एक युवक जख्मी हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का शिकार लोग बरेली के निवासी हैं। ये लोग संतकबीर नगर से बरेली जा रहे थे। खबर पाकर परिवारीजन भी पहुंच गए थे। पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया है।
संतकबीर नगर से एक ट्रक बरेली जा रहा था। मंगलवार रात ट्रक खैराबाद में नेशनल हाईवे पर बेनौरा गांव के समीप पहुंचा, तभी उसका पिछला पहिया पंक्चर हो गया। जिसके चलते ट्रक चालक व खलासी पहिया बदल रहे थे। तभी लखनऊ की ओर से जा रहे एक ट्रक ने इन लोगों को टक्कर मार दी।
जिससे बरेली परतापुर निवासी चालक शराफत (42) पुत्र रहमान खां, बरेली के अलीगंज निवासी खलासी फिरोज (32) पुत्र भूरे, बरेली के बंभौर निवासी रवि सिंह (28) पुत्र बालेश्वर व बरेली का ही निवासी एक अन्य युवक इमरान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक व खलासी भाग निकले।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चालक शराफत, खलासी फिरोज व इनके साथी रवि को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक के दस्तावेजों के सहारे उनकी पहचान कर परिवारीजनों को सूचना दी। दोपहर बाद घर के लोग जिला मुख्यालय पहुंचे और शिनाख्त की।
पुलिस ने दोनों वाहनों को बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के शिकार लोग संत कबीर नगर से भैंस लेकर बरेली जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर बेनौरा के पास ट्रक पंक्चर होने से ये लोग पहिया बदल रहे थे, तभी हादसे के शिकार हो गए। मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।