रामकोट थाना क्षेत्र में तालाब में डूबने से एक बालिका समेत तीन बच्चों की मौत हो गई। तीनों नारी का साग तोड़ने गए थे। तालाब के गहरे पानी में पहुंचने की वजह से डूबकर उनकी मौत हो गई।
तीनों चचेरे भाई-बहन थे। हादसा एक-दूसरे को डूबने से बचाने के चक्कर में हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए है।
पिसावां के ग्राम कीरतपुर निवासी उमेश कुमार की पुत्री चहीता देवी (13) परिवार के ही इंद्रपाल के पुत्र धर्मेंद्र (12) व रामदयाल के पुत्र अमित के साथ नारी का साग तोड़ने रामकोट के ग्राम मिश्राखेड़ा स्थित तालाब गए थे।
यहां पर तीनों तालाब में उतरकर नारी का साग तोड़ रहे थे। इसी बीच अमित गहरे पानी में पहुंच गया। संतुलन बिगड़ने से वह डूबने लगा तो उसे बचाने के प्रयास में धर्मेंद्र व चहीता देवी भी गहरे पानी में चले गए और तीनों डूब गए।
शोर सुनकर ग्रामीणों ने तालाब में छलांग लगा दी और तीनों बच्चों को किसी तरह तालाब से बाहर निकाला लेकिन तब तक तीनों की डूबने से मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही एसडीएम मिश्रिख अजय कुमार श्रीवास्तव, रामकोट थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह, पिसावां थानाध्यक्ष रंधा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। एसडीएम पीड़ित परिवारों से मिले और उन्हें नियमानुसार मदद का आश्वासन भी दिया।