थानगांव थाना क्षेत्र में चोर शुक्रवार रात दुकान व घर से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का माल समेट ले गए। दुकानदार व गृहस्वामी ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच की बात कह रही है।
थानगांव के ग्राम हरिदत्त पुरवा थ्योरा निवासी राम नरेश ने गांव के निकट ही परचून की दुकान खोल रखी है। शुक्रवार को दुकानदारी करने के बाद वह दुकान में ताला लगाकर घर चला गया। इसी बीच रात में चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगा दी।
अंदर पहुंचने पर चोरों ने वहां रखी 7500 की नकदी, सोने-चांदी के जेवर, कपड़े, बर्तन, अनाज आदि सामान समेट लिया। जिसके बाद चोर मौके से भाग गए। इसी रात चोरों ने गांव के निवासी यज्ञ नारायन के घर सेंध लगाई।
चोरों ने यहां से 25 हजार की नकदी, सोने व चांदी के जेवर, बर्तन, कपड़े आदि समेट लिए और मौके से चलते बने। बताया जाता है कि परिवार आंगन में सो रहा था। जबकि चोरों ने कमरे की पिछली दीवार में सेंध लगा दी। पुलिस जांच में जुटी है।