सीतापुर शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात चोर शहर कोतवाली से चंद कदम दूर एक दुकान से सात लाख रुपये की कीमत का माल उड़ा ले गए। पीड़ित ने तहरीर दी है, पुलिस जांच की बात कह रही है।
मोहल्ला शेख सरांय निवासी मोहम्मद फराज की लालबाग अग्रसेन पार्क के निकट मोबाइल शॉप है। सोमवार रात चोर शटर का ताला तोड़ तिजोरी में रखे 1 लाख की नकदी, विभिन्न कंपनियों के करीब 80 मोबाइल उठा ले गए।
इधर मंगलवार सुबह जब दुकान स्वामी दुकान खोलने पहुंचा। तो उसे वारदात की जानकारी हो सकी। दुकान स्वामी ने पुलिस को बताया कि चोर दुकान से सात लाख रुपये का माल उठा ले गए हैं।
पीड़ित दुकान मालिक का कहना है कि जहां पर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया, वहां से चंद कदमों की दूरी पर शहर कोतवाली मौजूद है। करीब ही लालबाग चौराहे पर हर वक्त पुलिस का पहरा लगा रहता है।
इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही सीओ योगेंद्र सिंह डॉग स्क्वॉयड व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची टीमों ने घटनास्थल पर काफी देर तक खोजबीन की। सीओ ने बताया कि जल्द ही इस वारदात का राजफाश किया जाएगा।