छत पर सो रही युवती की बुधवार रात धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। मृतका की बहन ने अपने चचेरे भाई पर साथियों संग मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के पीछे मृतक व आरोपी की बहन के देवर के बीच प्रेम-प्रसंग वजह बताई जा रही है। खबर पाकर एएसपी, सीओ, एसओ, डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
कमलापुर के बसंतपुर गांव निवासी नीलम देवी (18) की बुधवार रात छत पर सोते समय धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। घटना के समय परिवार के अन्य लोग कमरों में सो रहे थे। घटना को लेकर नीलम का कहना है कि चचेरे भाई वीरेंद्र ने अपने साथियों संग मिलकर उसकी बहन की हत्या की है। उसका कहना है कि आरोपी वीरेंद्र की बहन हरदोई के सरखल गांव में सुभाष को ब्याही है।
उसकी बहन के देवर मुलायम से नीलम की नजदीकियां थीं। दोनों शादी करना चाहते थे पर वीरेंद्र इसका विरोध करता था। इसी बात को लेकर बुधवार को विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद रात को वीरेंद्र ने अपने साथियों संग मिलकर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। उधर, घटना की खबर पाते ही एएसपी सुभाष चंद्र गंगवार, सीओ सिधौली सुरेंद्र सिंह डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और जांच की। एसओ का कहना है कि मृतका की बहन ने तहरीर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।