मानपुर में आरोपियों की धमकियों से परेशान रेप पीड़िता और उसके परिवार के घर में खुद को कैद किए जाने का मामला सुर्खियों में आने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने गुरुवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मानपुर क्षेत्र के एक गांव की युवती संग 29 अगस्त को गांव के ही तीन युवकों ने गैंगरेप किया था।
जिसके चलते एसपी के हस्तक्षेप से पुलिस ने गांव के ही कुंदन, सुनील व बब्बुल के खिलाफ केस दर्ज किया था, लेकिन पीड़िता व उसका परिवार पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहा था।
आरोप था कि रेप का केस दर्ज होने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। जिसके चलते आरोपी गांव में खुलेआम घूमकर उसे धमकियां दे रहे थे। युवती के भाई के मुताबिक कार्रवाई न होने से आरोपी घर पर आकर धमकाते थे।
परेशान होकर परिवार ने घर के तीनों प्रवेश द्वार पर ईंट का चट्टा लगाकर खुद को घर में कैद कर लिया था। मामला सुर्खियों में आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की और परिवार को मुक्त कराया था। शुक्रवार को पुलिस ने तीसरे आरोपी बब्बुल को भी पकड़ लिया।