मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात एक वाहन ने सड़क पार करते समय सिधौली तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक को टक्कर मार दी। वह रोडवेज से सफर कर गांव के पास उतरे थे। सूचना पाकर परिवारीजन समेत अन्य नागरिकों ने आननफानन घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर भागे। रास्ते में घायल राजस्व निरीक्षक ने दम तोड़ दिया।
मिश्रिख के ग्राम रूपपुर निवासी सत्येंद्र सिंह (50) सिधौली तहसील में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात थे। तहसील में ड्यूटी निपटाने के लिए बाद राजस्व निरीक्षक सत्येंद्र शाम के वक्त सिधौली से एक रोडवेज बस में सवार होकर घर के लिए निकले। शनिवार रात मिश्रिख के रूपपुर पुलिया के समीप सत्येंद्र सिंह ने बस रुकवाई और बस से उतर लिए।
बताते हैं कि बस से उतरने के दौरान तेज बारिश हो रही थी, जिसकी वजह से वह बस से उतरने के बाद सड़क के किनारे मौजूद टिन शेड की तरफ चल दिए। सत्येंद्र सड़क पार ही कर रहे थे, इसी दौरान सिधौली मिश्रिख मार्ग पर गुजर रहे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे सत्येंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना गांव पहुंचते ही परिवार के लोग उन्हें लेकर मिश्रिख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भागे, लेकिन सत्येंद्र सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।