लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात छह सशस्त्र बदमाशों ने दो महिलाओं समेत चार लोगों को बांधकर लूटपाट की है। लूटपाट के बाद बदमाश चारों लोगों को बाग में डाल कर और भाग गए। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है। क्षेत्र के मुन्नापुरवा निवासी सुधीर कुमार गुरुवार रात बाइक से गनेशपुर गांव से अपने घर जा रहा था। रास्ते में नगई मल्लापुर के निकट बाग के पास छह सशस्त्र बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद सुधीर की पिटाई कर 12 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया।
बदमाश सुधीर को पास ही एक बाग में ले गए। यहां पर उसके हाथ व पैर बांधकर डाल दिए। सुधीर को बदमाशों ने जहां पर बांधकर डाला। वहां दो महिलाएं व एक युवक पहले से बंधे पड़े थे। ये तीनों लोगों को भी बदमाशओं ने लूटा था। चारों को लूटपाट के बाद बदमाश शोर न मचाने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद बंधक बने लोगों ने एक दूसरे के सहयोग से खुद को बंधन मुक्त किया।
पहले से बंधे पड़े लोगों ने अपना परिचाय तालगांव थाना क्षेत्र के ग्राम दोस्तपुर टकेला निवासी रंजीत कुमार, राजरानी व लहरपुर क्षेत्र के गनेशपुर निवासी कलावती के रूप में दिया। रंजीत ने बताया कि राजरानी उसकी मां है। उसके पास महज एक मोबाइल फोन था, जिसको बदमाशों ने लूट लिया। वहीं मां व बेटे की जमकर पिटाई भी की। कलावती ने बताया कि उसके शरीर पर मौजूद सोने व चांदी के 25 हजार रुपये के जेवर भी बदमाशों ने लूट लिया।
लूटपाट के दौरान बदमाशों ने उसकी भी पिटाई की है। सुधीर ने घटना की बाबत कोतवाली लहरपुर में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक मथुरा राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।