रामकोट इलाके में मंगलवार सुबह लोधौरा गांव के निकट एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई।
जबकि एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। ये लोग बाइक से ट्रिपलिंग कर दवा लेने मिश्रिख से जिला मुख्यालय आ रहे थे।
मिश्रिख के सेऊथा गांव निवासी सालिगराम (50) अपने बेटे संदीप (22) व भांजे श्रीकेशन (25) के साथ बाइक से ट्रिपलिंग कर दवा लेने सीतापुर आ रहा था।
सुबह करीब आठ बजे जब ये लोग रामकोट में लोधौरा के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
आननफानन तीनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां सालिगराम व उसके भांजे श्रीकेशन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, वहीं संदीप को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिवारीजनों के मुताबिक लखनऊ में संदीप की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, घटना की खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। पुलिस का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।