रामकोट के ननोइया गांव स्थित अपनी ससुराल आए युवक का शव शुक्रवार शाम फंदे से लटका मिला। वह पत्नी को विदा कराने आया था। पिता ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
वहीं ससुराल वालों का कहना है कि नाराजगी के चलते युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी है। महोली के परसेहरा गांव निवासी अमित (27) लखनऊ में काम करता था। वह 23 जनवरी को रामकोट इलाके के ननोइया गांव निवासी मंगू के यहां अपनी ससुराल आया था।
बताते हैं कि वह अपनी पत्नी को विदा कराने आया था, लेकिन पत्नी राजी नहीं हुई। अमित के पिता रूपराम ने बताया कि गुरुवार को अमित ने फोन किया कि ससुराल में उसे पीटा गया है। इस पर शुक्रवार को वह अमित को लेने पहुंचा। रूपराम के मुताबिक अमित उसके साथ चलकर मधवापुर पहुंचा।
इसी बीच रास्ते में उसने मोबाइल का मेमोरी कार्ड पत्नी के पास ही रहने की बात कहकर वह फिर ससुराल चला गया। काफी देर होने पर जब वह वापस नहीं लौटा तो उसके पिता फिर ससुराल पहुंचे लेकिन बेटा नहीं मिला।
कुछ देर बाद ग्रामीणों ने घर पर सूचना दी कि अमित का शव मधवापुर गांव के बाहर बाग में फंदे से लटका हुआ है। घटना को लेकर अमित के पिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने हत्या करने के बाद उसका शव लटका दिया।
ससुराल वाले नाराजगी के चलते आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। एसओ सियाराम वर्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।