शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई के विरोध में एसपी दफ्तर पहुंचे साथी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रार्थना सभा में न जाने पर एक शिक्षक ने 10वीं के छात्र की लात-घूंसों व डंडे से जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान बगल की सीट पर बैठा उसका साथी भी डंडा लगने से जख्मी हो गया। मामला ज्ञान दीप विद्या मंदिर का है।
छात्र ने अपने पिता के साथ आरोपी शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं शिक्षक का आरोप है कि छात्र के पिता ने उसकी पिटाई की। पुलिस ने मामला एनसीआर में दर्ज किया है। हरगांव के अरनी पिछौरा गांव के ज्ञान दीप विद्या मंदिर में मनोज सिंह पुत्र रमेश 10वीं में पढ़ता है।
उसके मुताबिक शुक्रवार सुबह जब वह स्कूल गया तो शिक्षक आनंद सिंह ने गैरहाजिर रहने पर उसकी डंडों व लात- घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान बगल की सीट पर बैठा साथी छात्र उमेश भी डंडा लगने से चोटिल हो गया। क्लास में साथी छात्र की पिटाई से अन्य बच्चे सहम गए।
उधर, मनोज जब घर पहुंचा तो उसकी हालत देख घरवाले घबरा गए। छात्र ने घरवालों को आपबीती बताई। चेहरे व शरीर चोटों के निशान देख परिवार के लोग उसे लेकर सीधे थाने पहुंचे और तहरीर दी। इस मामले में आरोपी शिक्षक आनंद सिंह का कहना है कि गलती करने पर छात्र को सिर्फ डांटा था।
पिटाई का आरोप गलत है। वहीं शिक्षक ने आरोप लगाया कि उलाहना लेकर पहुंचे पिता ने अपने साथी संग मिलकर उसकी पिटाई की। शिक्षक आनंद सिंह ने छात्र के पिता के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं स्कूल के प्रधानाचार्य कौशल किशोर ने बताया कि छात्र प्रार्थना सभा में नहीं गया था जिससे शिक्षक ने उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान वहां मौजूद एक अन्य छात्र को भी चोटें लग गईं।