शामली/चौसाना। चौसाना स्थित इंटर कॉलेज में मामूली बात पर एक अध्यापक ने छात्र को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। घायल छात्र को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पुलिस को दे दी गई है।
चौसाना क्षेत्र के गांव सकौती का छात्र अमित पुत्र हरेंद्र चौसाना स्थित जय भारत किसान इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा में आर्ट साइड का छात्र है। आरोप है कि कॉलेज में करीब 12 बजे के आसपास पानी पीने के लिए बहार जाने लगा। पास में बैठे एक छात्र को मामूली ठोकर लग जाने से कक्षा में उपस्थित अध्यापक बिजेंद्र निवासी खोड़समा ने उसको धक्का दे दिया।
जिससे अमित का सिर दरवाजे पर जा लगा। इसके बाद अध्यापक ने छात्र को कॉलेज के आंगन में डालकर डंडों से पिटाई की। छात्र ने किसी तरह परिजनों को सूचना दी। जिस पर परिजन चौसाना स्थित कॉलेज पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले प्राथमिक उपचार कराया। पीड़ित ने चौकी में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।