महोली कस्बे में शराब पीकर हंगामा कर रहे युवक को सरेराह पीटना कस्बा इंचार्ज को महंगा पड़ गया। युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद कस्बा इंचार्ज जितेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
गाजीपुर निवासी तोताराम अपने मोहल्ले में ही किराना की दुकान चलाता है। मंगलवार शाम वह नशे में धुत होकर कस्बे में हंगामा करने लगा। खबर पाकर कस्बा इंचार्ज जितेंद्र यादव हमराही बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम के पहुंचने पर भी युवक हंगामा करता रहा।
पुलिस टीम ने उसे काबू करने की कोशिश की। काबू में न आने पर कस्बा इंचार्ज ने बड़ागांव तिराहे के पास युवक की पिटाई शुरू कर दी। युवक की सरेराह हो रही पिटाई की, वहां मौजूद लोगाें में से किसी ने वीडियो क्लिप बना ली।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस अधिकारियों ने संबंधित दरोगा को फटकार लगाई। आईजी के निर्देश पर कस्बा इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।