बचपन स्कूल के स्वीमिंग पुल में नहाने गए एक किशोर की मंगलवार को डूबने से मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव बरामद कर लिया। वहीं घटना के बाद बचपन स्कूल प्रबंधन के लोग ताला लगाकर मौके से भाग निकले।
इससे गुस्साए ग्रामीणों ने 25 लाख रुपये के मुआवजे की मांग को लेकर सीतापुर-लखीमपुर मार्ग जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन चला। इससे सड़क के दोनों ओर करीब 14 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। एसडीएम सदर व एसओ के समझाने पर लोग माने। ग्रामीणों की मानें तो नेपाल सिंह डिग्री कॉलेज परिसर में ही बचपन स्कूल व उसका स्वीमिंग पुल है।
हरगांव के मुरादनगर निवासी शुभम (16) पुत्र रमेश बिड़ला इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र था। मंगलवार को वह अपने कुछ साथियों संग कस्बे में सीतापुर-लखीमपुर मार्ग स्थित नेपाल सिंह डिग्री कॉलेज परिसर में बने बपचन स्कूल के स्वीमिंग पूल में नहाने गया था।
नहाते समय शुभम का संतुलन बिगड़ा और वह डूबने लगा। यह देख उसके साथी फौरन मोहल्ले में पहुंचे और सूचना दी। परिवार के लोग आननफानन घटनास्थल पहुंचे, लेकिन तब तक शुभम की डूबने से मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों की मदद से शव निकाला गया। खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई। बताते हैं कि घटना के बाद स्कूल के प्रबंधन तंत्र के लोग ताला लगाकर भाग निकले। उनके मोबाइल भी स्विच ऑफ हैं, जिससे गुस्साए लोगों ने सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर स्थित प्रबंधक के घर के सामने जाम लगा दिया।
प्रदर्शन के चलते करीब 14 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिवारीजन स्कूल प्रबंधक से 25 लाख रुपये के मुआवजे की मांग पर अड़े थे। हालांकि एसडीएम व एसओ ने प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब लोग माने। इसके बाद रास्ता खुल सका। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।