तालगांव में बुधवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक छात्र की मौत हो गई। हादसे के दौरान छात्र साइकिल से स्कूल जा रहा था। हादसे के बाद वाहन चालक ट्रैक्टर व ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।
तालगांव के उदयमलपुर निवासी राजकुमार का पुत्र आकाश (17) खैराबाद के जेएलएमडीजे इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। बुधवार को वह साइकिल से स्कूल जा रहा था। इसी बीच खैराबाद-कसरैला मार्ग पर तालगांव थाना क्षेत्र के पारा के निकट एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल में टक्कर मार दी।
इससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय नागरिक घायल छात्र को लेकर जिला अस्पताल भागे। रास्ते में आकाश ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।