फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मामूली विवाद में चलाई गोली

Thu, 13 Aug 2015 10:58 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
मिश्रिख कोतवाली इलाके की एक महिला प्रधान के पति व दो पुत्रों ने दबंगई की हदें पार कर दीं। गांव के स्कूल में बतौर प्रेरक तैनात एक युवक के आकस्मिक अवकाश पर जाने के बाद भी फर्जी तरीके से प्रधान पुत्र ने खुद मां के हस्ताक्षर बना गैरहाजिर लिख दिया।
विज्ञापन


विरोध करने पर दबंग ने अपने पिता व भाई संग गुरुवार सुबह उसे गांव के बाहर रायफल, रिवाल्वर व देशी तमंचा लेकर दौड़ा लिया। हवाई फायरिंग भी की। बचने के लिए घर में घुस गया तो वहां भी पिटाई की।

बीच-बचाव के लिए आए पिता को भी नहीं छोड़ा। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। मिश्रिख पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। एक रिवाल्वर भी बरामद की है।
विज्ञापन


पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मिश्रिख कोतवाली के मढ़िया निवासी शरद मिश्रा पुत्र मदन मोहन पड़ोस के हाजीपुर स्थित सरकारी स्कूल में प्रेरक है।

12 अगस्त को वह स्कूल में आकस्मिक अवकाश का प्रार्थना पत्र देकर घर चला गया था। इस बीच महिला प्रधान रामश्री का दबंग बेटा आदित्य अवस्थी स्कूल पहुंचा।

उसने प्रार्थना पत्र होने के बाद भी प्रेरक को रजिस्टर पर अपनी मां के स्वयं फर्जी हस्ताक्षर बनाकर अनुपस्थित लिख दिया, जब इसकी जानकारी प्रेरक को हुई तो उसने प्रधान के घर के पास जाकर विरोध किया।

बताते हैं कि गुरुवार सुबह जब प्रेरक खेतों की ओर निकला तो वहां पहले से प्रधान पति श्रीकांत, बेटा आदित्य व दीपू लाइसेंसी रिवाल्वर आदि से लैस होकर घात लगाए बैठे थे। जैसे ही प्रेरक शरद करीब पहुंचा, इन लोगों ने ललकारते हुए फायरिंग कर दी।

वह जान बचाने के लिए घर में घुस गया तो दबंगों ने वहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा। असलहों के बट व लात-घूसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। पिता मदन मोहन बचाने आए तो उन्हें भी पीट दिया। घटना से खौफजदा पीड़ित मिश्रिख कोतवाली पहुंचा।

वहां उसने प्रधान पति श्रीकांत, पुत्र आदित्य व दीपू के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर पर संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

साथ ही आरोपी आदित्य व श्रीकांत को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर केके मिश्रा का कहना है कि एक रिवाल्वर भी बरामद की गई है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें