बेटी के प्रेम-प्रसंग से नाराज एक झोलाछाप ने परिवारीजनों के साथ मिलकर आरोपी प्रेमी की ईंट-गुम्मे से जमकर पिटाई की। इसके बाद तमंचे से उस पर फायर झोंक दिया। तीन गोलियां लगने से युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं छर्रे लगने से दोनों हथेलियां बुरी तरह छलनी हो गईं। उसे सीएचसी महमूदाबाद से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रेम-प्रसंग में युवक को गोली मारी गई है। जख्मी युवक ने युवती के पिता, भाई व मां पर आरोप लगाया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
थानगांव के ग्वारी गांव निवासी हरेराम (21) पुत्र मेड़ई का सदरपुर के गोड़ैचा चौराह निवासी एक झोलाछाप की पुत्री से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताते हैं कि प्रेमिका करीब एक माह पूर्व प्रेमी से मिलने के चक्कर में छत से कूद गई थी, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। इस समय उसका इलाज चल रहा है।
इधर, पुत्री के प्रेम-प्रसंग की जानकारी के बाद से उसके परिवारीजन प्रेमी की तलाश में थे। बताते हैं कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे हरेराम महमूदाबाद के एक प्राइवेट कॉलेज से लौट रहा था। इसी बीच युवती के पिता राजेंद्र वर्मा व परिवार के अन्य लोगों ने थानगांव के मियांपुरवा चौराहे पर उसे घेर लिया।
परिवारीजनों ने युवक की ईंट-गुम्मों व डंडों से बुरी तरह पिटाई की। फिर उसे बाइक पर बैठाकर गोड़ैचा स्थित घर ले आए। पिटाई से बेसुध होने पर परिवारीजन उसे पीटते हुए घर के बाहर सड़क पर ले आए। इसी बीच युवती के पिता ने युवक पर तमंचे से तीन राउंड फायर झोंक दिया। फायरिंग में एक गोली उसके पेट में जा लगी जबकि दो उसकी हथेलियों में लग गईं।
इससे दोनों हथेलियां बुरी तरह छलनी हो गईं। उधर, गोलियों की तड़तड़ाहट से गोड़ैचा चौराहा गूंज उठा। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से घायल युवक को सीएचसी महमूदाबाद भेजा, जहां से डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
सीएचसी में हरेराम ने पुलिस को दिए गए बयान में प्रेमिका के पिता राजेंद्र, भाई व मां पर आरोप लगाया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस बारे में तहरीर नहीं दी गई थी। एसओ राजकुमार सरोज का कहना है कि प्रेम-प्रसंग के चलते युवक को राजेंद्र ने गोली मारी है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।