जनसेवा एक्सप्रेस में रविवार रात सहारनपुर से बिहार जा रहे दस यात्रियों को बोगी की गैलरी में बंधक बना कर सात डकैतों ने हजारों का कैश लूट लिया। विरोध करने पर डकैतों ने यात्रियों की जमकर पिटाई भी की। चाकू व लोहे की रॉड से लैस डकैत बरेली-शाहजहांपुर के बीच ट्रेन धीमी होते ही उतर भागे। सीतापुर देर रात ट्रेन पहुंचने पर यात्रियों ने जीआरपी को सूचना दी।
जीआरपी ने केस दर्ज कर लिया है।
जनसेवा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में रविवार रात करीब आठ बजे बरेली से सात डकैत सवार हो गए। लोहे की रॉड व चाकू लिए डकैतों ने बोगी के दोनों ओर के गेट बंद कर दिए।
इसके बाद बीच गैलरी में बैठे यात्रियों को धमकाने के बाद डकैतों ने लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर डकैतों ने यात्रियों को बुरी तरह पीटा। जीआरपी का कहना है कि 10 यात्रियों से 20 हजार रुपये लूटे गए हैं।
घटना को लेकर बिहार के बेगूसरांय जिले के डंडारी थाना क्षेत्र के बांक गांव निवासी दिनेश मोची पुत्र जुंगी मोची ने तहरीर दी है। उसने बताया कि डकैतों ने दिनेश, विक्की, दीपक, संजीत, सौरभ, तपेश, अमित, प्रकाश व रनवीर से डकैतों ने 20 हजार 100 रुपये लूट लिए।
वारदात अंजाम देने के बाद डकैत शाहजहांपुर ट्रेन पहुंचने से पहले ही रफ्तार धीमी होने पर उतर भागे। सीतापुर देर रात ट्रेन पहुंचने पर यात्री उतर गए। इन लोगों ने जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी एसओ राजेश कुमार का कहना है कि दिनेश की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।