खैराबाद थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर ट्रक ने ट्रिपलिंग कर रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आननफानन घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक युवक को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
मानपुर के पकरिया निवासी आरिफ खां (35) अपने ताऊ बब्बे खां (60) व अपने साले सदरपुर के जफरपुर निवासी शानू (30) के साथ बाइक से जिला मुख्यालय जा रहा था। बिसवां-सीतापुर मार्ग पर खैराबाद के ग्राम मुबारकपुर निकट बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मी घायलों को लेकर जिला अस्पताल भागे।
लेकिन बब्बे खां ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं शानू की नाजुक हालत का देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया है। उधर, ट्रक चालक खैराबाद के टिकरिया निवासी धर्मेंद्र को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।