पिसावां थाना क्षेत्र में बुधवार रात आम की फसल की रखवाली कर रहे बागवान को बदमाशों ने मार डाला। हत्यारों ने धारदार हथियार से नाजुक अंग भी जख्मी कर दिए। सिर पर भी प्रहार किया। हत्या किसने और किस मकसद से की है, इसका पता नहीं चल सका है। बागवान पड़ोसी जिले हरदोई का निवासी था। इस मामले में संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को नामजद किया गया है।
हरदोई के कछौना के बालामऊ पश्चिमी निवासी जगदीश (50) ने पिसावां के ग्राम ललईपुरवा निवासी जसवंत के आम की बाग ठेके पर ली थी। वह रात में बाग की रखवाली भी करता था। हरदोई के कछौना परसेनी निवासी दिनेश यहां चौकीदारी करता था।
बुधवार की रात अज्ञात सशस्त्र बदमाशों ने बाग में धावा बोल दिया। इससे पहले कि किसी को भनक लगती, बदमाशों ने जगदीश को दबोच लिया और धारदार हथियारों से सिर पर प्रहार कर उसे मार डाला। हत्या के बाद बदमाशों ने उसके नाजुक अंग भी काट लिए।
देर रात आंधी व बारिश के बाद दिनेश उसे बाग में तलाशने लगा। बाग के अंदर ही जगदीश का शव पड़ा मिला। यह देख दिनेश ने घटना की सूचना बाग मालिक व पिसावां पुलिस को सूचना दी। दिनेश ने पुलिस को बताया कि बदमाश किस समय बाग में पहुंचे और किस समय उन्होंने जगदीश को दबोचकर मार डाला, इसकी भनक उसे नहीं लग सकी।
खबर पाकर मौके पर पहुंचे जगदीश के पुत्र करन ने पिसावां के ग्राम मोहम्मद नगर निवासी मूलचंद पर हत्या का संदेह जताया है। करन का आरोप है कि पहले मूलचंद उस बाग को ठेके पर लेता था, जिस बाग को जगदीश ने लिया था। जगदीश ने जब बाग ठेके पर ले लिया, तब मूलचंद उससे बैर मानने लगा।
पुत्र का कहना है कि उसी रंजिश के चलते मूलचंद ने जगदीश की हत्या कर दी। करन ने संदेह के आधार पर मूलचंद को नामजद करने के लिए पिसावां थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया कि जगदीश के पुत्र करन की तहरीर पर मोहम्मद नगर निवासी मूलचंद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। घटना की जांच की जा रही है।