रामकोट इलाके में एक विवाहिता की मायके में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मायके वाले ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मैनासी सरैंया निवासी विनीत ने बताया कि उसकी बहन पूजा मिश्रा (24) की शादी करीब ढाई साल पूर्व हरदोई के अतरौली इलाके के भरावन गांव निवासी रितेश के साथ हुई थी। उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
जिसके चलते करीब दस दिन पूर्व उसकी बहन मायके आ गई थी। ससुराल वालों ने सात माह का बेटा भी छीन लिया था। प्रताड़ना से आजिज होकर शुक्रवार दोपहर बहन ने मायके में ही जहरीला पदार्थ खा लिया।
उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। विनीत का आरोप है कि उसकी बहन से दो लाख रुपये व चौपहिया गाड़ी मांगी जा रही थी। उसने बहन की ससुराल वालों को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।