थाना क्षेत्र के पिपरा वार्ड में एक विवाहिता की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसके पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हरगांव इलाके के पिपरा वार्ड निवासी मीनू (21) पत्नी राजू की शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
सूचना पाकर लखीमपुर खीरी के मितौली इलाके के सेमरावां गांव निवासी मीनू के पिता कंधईलाल बेटी के घर पहुंचे। उनके मुताबिक उसने बेटी की तीन साल पूर्व शादी की थी। शादी में दान दहेज दिया था, लेकिन इसके बाद भी उसकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था।
आरोप है कि दहेज के लिए उसकी पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना को लेकर कंधई ने पुत्री के पति, ससुर मटरू, सास अज्ञात व देवर पंकज के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।