चक्रतीर्थ में स्नान करने उतरे हरदोई के एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। हरदोई के पाली थाना क्षेत्र के रूपापुर निवासी अनमोल (16) पुत्र राजीव कुमार अपने माता-पिता व भाई के साथ पूर्णागिरी से दर्शन कर नैमिष आया था।
नैमिषारण्य पहुंचकर ये लोग चक्रतीर्थ स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान अनमोल नैमिषारण्य चक्रतीर्थ के गहरे कुंड में उतर गया। काफी देर बाद जब वह नहीं निकला तो परिवारीजन को शंका हुई।
पुलिस व गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों ने जब तक उसे निकालते, डूबने से उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।