बाइक सवार छह बदमाशों ने शुक्रवार देर शाम बेहटी मोहल्ले में महिला सर्राफ व उसके कर्मचारी को गोली मार कर नकदी समेत तीन लाख का माल लूट लिया। वारदात उस समय हुई जब महिला शॉप बंद कर घर लौट रही थी।
खबर पाकर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।लहरपुर के बेहटी मोहल्ला निवासी सीमा रस्तोगी पत्नी सुरेंद्र नाथ की कस्बे के चौधरी मार्केट में आभूषणों की दुकान है।
बताते हैं कि शुक्रवार देर शाम सीमा रस्तोगी दुकान बंद कर लहरपुर के केसरीगंज निवासी कर्मचारी रामू पुत्र जगन्नाथ रस्तोगी के साथ बाइक से घर लौट रहीं थीं। जब ये लोग बेहटी मोहल्ले के पास पहुंचे तभी घर से चंद कदमों की दूरी पर दो बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
तीन बदमाश बाइक से उतरे और महिला से कैश व जेवरात से भरा बैग छीनने लगे। सीमा ने विरोध किया तो लुटेरों ने ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाकर सीमा व रामू को जख्मी कर दिया। दोनों के लहूलुहान होते ही बदमाश एक लाख कैश, एक किलो चांदी व 50 ग्राम सोने के जेवरात से भरा बैग लूट कर भाग निकले।
उधर, गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग निकल आए। परिवार के लोग भी पहुंच गए। आननफानन दोनों को लहरपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से सीमा को जिला अस्पताल भेज दिया गया।
बताते हैं कि सीमा को तीन गोलियां लगीं हैं। जबकि रामू को एक गोली लगी है। सीमा की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं घटना की खबर पाकर पुलिस पहुंच गई थी। घटना से कस्बे के लोगों ने रोष व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।