तालगांव के सहवनपुर मजरा भिनौरा गांव में शुक्रवार रात एक तिलक समारोह में हुई हर्ष फायरिंग में बालक जख्मी हो गया। उसे गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। चर्चा है कि प्रधान के पुत्र ने हर्ष फायरिंग की थी। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
सहवनपुर मजरा भिनौरा गांव निवासी रामप्रसाद का तिलक था। तिलक चढ़ने के दौरान हर्ष फायरिंग शुरू हो गई। इस बीच पड़ोस के मकान की छत से तिलक देख रहे गांव के ही दशरथ के बेटे छोटू (11) को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत नाजुक है। गांव में चर्चा है कि ग्राम प्रधान के पुत्र ने हर्ष फायरिंग की थी।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं घटना को लेकर एसओ रवींद्र नाथ अंजान बने हैं। सीओ लहरपुर राहुल मिठास का कहना है कि हर्ष फायरिंग की सूचना मिली है। कोई तहरीर नहीं आई है। मामले की जांच कराई जा रही है।