सदरपुर थाना क्षेत्र में तीन दबंगाें ने असलहों व चाकू से धमका कर एक विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद मुंह न खोलने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। वारदात के समय विवाहिता का पति लखनऊ में मजदूरी करने गया था। घर पर अकेली पाकर बदमाश ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले में जांच की बात कह रही है।
सदरपुर निवासी एक व्यक्ति मजदूरी करने के लिए लखनऊ गया था। घर पर उसकी पत्नी (25) अकेली थी। 5 जून की रात पड़ोसी गांव बजेहरा निवासी खालिक उर्फ गोबर अपने दो अन्य साथियों के साथ हथियार लेकर घर में घुस आया।
तीनों ने जान से मार देने की धमकी देकर गैंगरेप किया और भाग निकले। इधर, विवाहिता ने पति को फोन कर आपबीती बताई। उसने सदरपुर थाने में गांव बजेहरा गांव निवासी खालिक उर्फ गोबर व उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष यदुनंदन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में मामला सही मिलने पर केस दर्ज होगा।