रंजिश में सोमवार रात नकाबपोश असलहे से लैस बदमाशों ने एक दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर बचाने पहुंचे तीन अन्य लोगों को भी बदमाशों ने जख्मी कर दिया। घटना में पांच लोग जख्मी हुए।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने छह लोगों को नामजद किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जमरखा निवासी ठाकुर प्रसाद यादव सोमवार रात अपने घर के बाहर सो रहा था।
इस दौरान छह नकाबपोश असलहे से लैस हमलावरों ने उस पर धारदार से हमला कर दिया। पत्नी खेरीश्री व परिवार के ही कामता, कमलेश व पुतान बचाने पहुंचे तो उन्हें भी जख्मी कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हुए और लाइसेंसी असलहों से फायरिंग की तो हमलावर भाग निकले। जिसके बाद लोगों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती करया।
यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना को लेकर ठाकुर प्रसाद यादव का कहना है कि करीब तीन माह पूर्व उसके भाई की रामआसरे ने हत्या कर दी थी। उसकी हत्या में शामिल लोगों के परिवार के लोगों ने उस पर भी जानलेवा हमला किया है।
उसने गांव के ही डिल्लू, अमरनाथ व विनोदी, लच्छीपुर निवासी नमो, हरिहरपुर निवासी सोबरन, संतराम को नामजद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।