लहरपुर के गुलरीपुरवा के पास शनिवार को मत्स्य पालक का शव तालाब से कुछ दूर एक खेत से बरामद हुआ। वह तालाब की रखवाली करने गया था। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं पर परिवार वाले हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि परिवारीजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
लहरपुर के बरगदहा मजरा खानपुर मोहय्यदीनपुर निवासी मिश्रीलाल (50) गांव के बाहर एक तालाब में मछली पालता था। शुक्रवार रात वह तालाब की रखवाली करने गया था। शनिवार सुबह उसकी लाश तालाब से करीब 500 मीटर दूर खेत में पड़ी मिली। सूचना पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर योगेश शाह का कहना है कि मिश्रीलाल तालाब की रखवाली करने गया था। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसको लेकर परिवारीजन की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।