दवा लेकर लौट रहे पिता व पुत्र पर घात लगाकर बैठे दबंगों ने सोमवार देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग की दी। गोली लगने से ग्रामीण की मौत हो गई जबकि उसका एक बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में गांव के ही तीन लोग नामजद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। परिवारीजनों के मुताबिक बीडीसी चुनाव की रंजिश में यह वारदात अंजाम दी गई।
रामपुर कलां के सट्टलेपुर निवासी रामदुलारे यादव (45) अपने बेटे अवधेश की दवा लेने दूसरे बेटे योगेश के साथ बाइक से महमूदाबाद के सरैंया गया था। सोमवार देर रात करीब 12 बजे ये लोग गांव लौट रहे थे। थाना क्षेत्र के रसूलपुर व चांदपुर गांव के बीच जब ये लोग पहुंचे, तभी पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने इन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। जिसमें से दो गोली रामदुलारे को जा लगीं। जबकि एक गोली उसके बेटे योगेश की जांघ में जा धंसी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से भाग निकले। उधर, गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोस के गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस बुला ली। इसके बाद दोनों को आननफानन जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामदुलारे को मृत घोषित कर दिया।
वहीं योगेश का इलाज चल रहा है। इस मामले में अवधेश ने गांव के ही नंदलाल, रामचंद्र व अजय पाल को नामजद किया है। अवधेश का कहना है कि इन लोगों से उसके परिवार की पुरानी चुनावी रंजिश चल रही है। आरोपी नंदलाल के सामने योगेश ने बीडीसी का चुनाव लड़ा था। नंदलाल चुनाव हार गया था, तभी से वह रंजिश मानने लगा। इसके अलावा पिछले दिनों खड़ंजे पर दरवाजा खोलने को लेकर भी उससे कहासुनी हो गई थी। एसओ राजकुमार सरोज का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।