बेहटा बाजार से खरीदारी कर साइकिल से घर जा रहे पिता-पुत्र को तंबौर में बेहटा चौराहे के पास गन्ना लदे एक ट्रक ने मंगलवार को टक्कर मार दी। हादसे में पुत्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि उसके पिता की सीएचसी में मौत हो गई।
उधर, ट्रक चालक कलनापुर गांव के पास वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। वहीं दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने परिवारीजनों के साथ सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसओ रमेश चंद्र यादव ने लोगों को समझाकर किसी तरह शांत कराया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका। पुलिस का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तंबौर इलाके के रोहा चांदीखेड़ा गांव निवासी जगदीश वर्मा (30) अपने पिता बेचेलाल (65) के साथ मंगलवार को साइकिल से बेहटा बाजार गया था। खरीदारी के बाद पिता-पुत्र साइकिल से घर लौट रहे थे।
जब ये दोनों लहरपुर-तंबौर मार्ग पर बेहटा चौराहे के पास पहुंचे, तभी तंबौर की ओर से जा रहे गन्ना लदे ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता ने सीएचसी तंबौर में दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने ट्रक चालक का पीछा किया तो वह कलनापुर गांव के पास गाड़ी खड़ी कर भाग निकला। सूचना पाकर परिवारीजन भी पहुंच गए। नाराज ग्रामीणों ने तंबौर-लहरपुर मार्ग जाम कर दिया।
खबर पाकर एसओ रमेश चंद्र यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा कर जाम खोलवा दिया। करीब आधे घंटे तक हंगामा चला। पुलिस का कहना है कि ट्रक को कब्जे में लेकर केस दर्ज किया जा रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।