झोलाछाप के पास इलाज कराने गए एक युवक की हालत सुधरने के बजाए और बिगड़ गई। परिजन उसे दोबारा उसी डॉक्टर के पास ले गए तो उसने इलाज करने से साफ मना कर दिया। देररात युवक को सीएचसी देवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को मृतक की पत्नी ने झोलाछाप डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने व गलत दवा देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
मामला देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुर्तजानगर का है यहां के निवासी रामलखन (32) पुत्र राम भरोसे के पेट में सोमवार की शाम को दर्द शुरू होने लगा। युवक के परिवारीजन उसे पड़ोस के खेवली चौराहा स्थित झोलाछाप लाहाराम के यहां ले गए। बताते हैं कि झोलाछाप ने उसे दवाएं देकर दोबारा दर्द होेने पर फिर आने को कहा।
देर रात करीब 2 बजे युवक के पेट में तेज दर्द शुरू हो गया तो पत्नी सुंदारा रामलखन को लेकर दोबारा डॉक्टर के पास गई। लेकिन इस दौरान रामलखन की हालत और बिगड़ गई। यह देख झोलाछाप लाहाराम ने उसे हाथ लगाने से मना करते हुए दूसरी जगह दिखाने को कहा। युवक की हालत और बिगड़ते देख परिवारीजन उसे आननफानन सीएचसी देवा ले गए।
जहां तैनात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत होने की जानकारी लगते ही परिवारीजन आक्रोशित हो गए। मृतक की पत्नी सुंदारा ने झोलाछाप डॉक्टर पर गलत दवाएं देने व लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की शिकायत की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बाबत चौकी प्रभारी मित्तई विजय यादव ने बताया कि मृतक की पत्नी ने इलाज में लापरवाही बरतने व गलत दवा देने से उसके पति की मौत होेने की तहरीर दी है।
झोलाछापों पर नहीं हो रही कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते जगह-जगह झोलाछाप की दुकानें खूब चल रही हैं। यह झोलाछाप सस्ते इलाज व दवाओं के कमीशन के चक्कर में मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खुलेआम खिलवाड़ कर रहे हैं। इनके खिलाफ ठोस कार्रवाई न होने पर अक्सर लोगों को अपनी जान गवांनी पड़ती है।
देवा क्षेत्र में झोलाछाप के इलाज से युवक की मौत होने की जानकारी नहीं है और न ही कोई शिकायत मिली है। समय-समय पर अभियान चलाकर झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। फिर भी इस मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. डीआर सिंह, सीएमओ