कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह चार भाइयों ने मामूली सी बात पर एक किसान को ग्रामीणों के सामने धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार करके मौत के घाट उतार दिया। किसान का कसूर बस इतना था कि उसकी पुत्री दबंगों के खेत से निकल गई थी।
दबंगों ने पुत्री को गालियां दीं तो किसान ने विरोध किया। इसी बात पर दबंग कुल्हाड़ी, तबली व बांके से किसान की हत्या करके भाग गए। घटना की सूचना पाकर एसपी बालेंदु भूषण सिंह मौके पर पहुंचे और हत्यारों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस ने देर शाम तक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में तनाव देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। कोतवाली क्षेत्र के अरबापुर निवासी महिपाल (40) की पुत्री शरमा देवी सोमवार सुबह कहीं जा रही थी।
वह अपने पड़ोसी सुरेश के खेत से होकर गुजर गई। इसी बात को लेकर सुरेश पक्ष गालीगलौज करने लगा। महिपाल ने विरोध किया तो सुरेश पक्ष भड़क गया। सुरेश व उसके तीन अन्य भाई घर से कुल्हाड़ी, तबली व बांका निकाल लाए और महिपाल पर ताबड़तोड़ प्रहार करने लगे।
चीख सुनकर गांव के लोग दौड़कर घटनास्थल पर तो पहुंचे, लेकिन वहां का भयावह दृश्य देख सभी सहम गए। र्कोई भी हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं जुटा सका। नतीजतन गांव के दर्जनों लोगों के सामने दबंग भाइयों ने धारदार हथियार से काटकर महिपाल की हत्या कर दी और गवाही देने पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर भाग गए।
महिपाल के पुत्र लालचंद ने गांव के सुरेश, राजू, रामलखन व तहेंदर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही एसपी बालेंदु भूषण सिंह, एएसपी सुभाष चंद्र गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित से घटना के संबंध में जानकारी ली।
एसपी ने पीड़ित परिवार को हत्यारों की गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं, अधीनस्थों को हत्या के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। गांव में तनाव देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक रामकुमार गुप्ता ने बताया कि महिपाल के पुत्र की तहरीर पर सुरेश समेत चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी रामलखन को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।